9 मई 2016 - 13:51
ईरान हलब पर होने वाले हमले का मुँहतोड़ जवाब देगा।

ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव ने सीरिया में युद्ध विराम के दुरुपयोग के लिए अमेरिका को ज़िम्मेदार बताया है।

ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव ने सीरिया में युद्ध विराम के दुरुपयोग के लिए अमेरिका को ज़िम्मेदार बताया है।
अली शमख़ानी ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए सीरिया के हलब नगर में होने वाली हालिया घटना के बारे में बल देकर कहा कि जो कुछ हलब में हुआ वह इस क्षेत्र में युद्ध विराम करने के संबंध में एक पक्ष की सदभावना का दुरुपयोग था और अमेरिका और उसके घटक आतंकवादियों का लाजिस्टिक समर्थन करके इस घटना के ज़िम्मेदार हैं।
ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव ने कहा कि सीरिया के हलब नगर के ख़ान तूमान क्षेत्र में जो कुछ हुआ उसमें नुस्रा फ्रंट का हाथ था। उन्होंने स्पष्ट किया कि आतंकवादियों ने अवसर का दुरुपयोग किया और तीन क्षेत्रों पर कब्ज़ा कर लिया जिसमें से दो क्षेत्रों को सीरिया के संघर्षकर्ताओं ने दोबारा वापस ले लिया और तीसरे क्षेत्र को भी वापस ले लेंगे। शमख़ानी ने कहा कि युद्ध विराम में सद्भावना का दुरुपयोग ऐसा विषय नहीं है जिसे सरलता से अनदेखा कर दिया जाये।
उन्होंने कहा कि जब युद्ध विराम के लिए समझौता हो जाता है तो उसका दुरुपयोग नहीं करना चाहिये पर खेद के साथ कहना पड़ता है कि यहां ऐसा हुआ। ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव ने इस संबंध में तेहरान के दृष्टिकोण के बारे में कहा कि निश्चित रूप से इस्लामी गणतंत्र ईरान अपने घटकों यानी सीरिया, रूस और हिज़्बुल्लाह के विरुद्ध हमले का जवाब देगा
ज्ञात रहे कि कई महीने पहले हलब नगर के दक्षिण में स्थित ख़ान तोमान क्षेत्र स्वतंत्र हो गया था परंतु कुछ दिनों के दौरान तकफीरी आंतकवादियों ने रूस और अमेरिका के मध्य युद्ध विराम के संबंध में होने वाली सहमति का दुरुपयोग किया और सीरिया में ईरानी परामर्शदाताओं पर हमला करके उन्हें शहीद कर दिया और उस क्षेत्र पर कब्ज़ा कर लिया।